हरियाणा में एक गर्भवती महिला की पिटाई का मामला सामने आया है। फ़रीदाबाद से सटे सीही गांव में बच्चों के विवाद में पडो़सी झगड़ पड़े। झगड़े के दौरान एक पक्ष ने छ महीने की गर्भवती महिला की बुरी तरह से पिटाई कर दी। पिटाई के बाद महिला की तबियत खराब हो गई। उसे तुरंत अस्पताल में पहुंचाया गया, जहां उसने एक प्री-मेच्योर लड़की को जन्म दिया। पीड़ित महिला का नाम रत्ना है। घटना रविवार को तब हुई जब रत्ना के दो साल के बेटे का तीन साल के अपने पड़ोसी अमित से झगड़ा हो गया। झगड़े के दौरान अमित ने अपने अंकल को बुला लिया, और बात बढ़ गई। पुलिस के मुताबिक अमित का अंकल अपने दो तीन साथियों के साथ आया और रत्ना की पिटाई शुरू कर दी।पिटाई से रत्ना की तबियत खराब हो गई और उसे ब्लीडिंग होने लगी। बाद में रत्ना के रिश्तेदारों ने उसे अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उसने एक बेटी को जन्म दिया। पुलिस ने मामला दर्ज़ कर लिया है और छानबीन की जा रही है।