जेट एयरवेज की फ्लाइट में दो एयर होस्टेसस के साथ छेड़छाड़ का मामला सामने आया है। मुंबई से नागपुर जा रही फ्लाइट में सवार हार्डवेयर इंजीनियर पर छेड़छाड़ का आरोप लगा है। बताया जा रहा कि इंजीनियर शराब के नशे में धुत था।
आरोपी के खिलाफ पीड़ित एयर होस्टेसेस ने फ्लाइट कैप्टन को लिखित में शिकायत दी है। इस पर कैप्टन गोपालसिंह ने केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल यानी CISF को सूचित किया। इसके बाद आरोपी को CISF को सौंप दिया गया। CISF ने आरोपी आकाश गुप्ता को सोनेगांव पुलिस के सुपुर्द किया, जहां उसके खिलाफ मामला दर्ज किया गया। पुलिस ने रविवार(26 फरवरी) को उससे पूछताछ की और कोर्ट में पेश किया जहां से उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
टाइम्स ऑफ इंडिया की रिपोर्ट के अनुसार आकाश गुप्ता छुटि्टयां मनाने के लिए गोवा गया था। वापस आते समय वह मुंबई से नागपुर जेट एयरवेज की फ्लाइट संख्या 9S24460 से जा रहा था। पुलिस ने बताया कि उसने संभवतया मुंबई में शराब पी और फ्लाइट में जब एयर होस्टेसेस खाना परोस रही थीं तब उसने उनका हाथ पकड़ लिया। इस पर एयर होस्टेसेस ने तुरंत क्रू को खबर की। गुप्ता ने क्रू के साथ भी बहस की। फिलहाल मामले की जांच की जा रही है।