पाकिस्तान की असेंबली ने कश्मीर विवाद को हवा देने की एक और कोशिश की है। पाकिस्तान असेंबली ने मशहूर ऐक्टिविस्ट अरुंधति रॉय को कश्मीर मुद्दे पर बातचीत का न्योता दिया है। पाकिस्तान की पंजाब असेंबली के सदस्य शेख अलाउद्दीन ने लेखक और ह्यूमन राइट ऐक्टिविस्ट अरुंधति रॉय को कश्मीर घाटी में चल रही हिंसा पर बोलने के लिए आमंत्रित किया है।
डॉन ऑनलाइन की रिपोर्ट के मुताबिक पंजाब प्रांत के श्रम और मानव संसाधन मंत्री रजा अशफाक सरवर ने इसकी पुष्टि की है। उन्होंने कहा है कि विदेश मंत्रालय की सलाह पर आगे का कदम उठाया जाएगा। पंजाब असेंबली के कोषागार बेंच के सदस्य रमेश सिंह अरोड़ा ने गुरुवार को पाक के खिलाफ मनोहर पर्रिकर के बयान का मामला उठाया।
उन्होंने पर्रिकर के बयान को खेदजनक बताते हुए विदेश मंत्रालय से भारतीय दूत गौतम बंबवाले को समन करने की मांग की है। अरोड़ा ने भारत सरकार पर कश्मीर में हिंसा फैलाने का आरोप लगाया है। साथ ही कहा कि भारत पाकिस्तान पर झूठे आरोप लगा रहा है।
पाकिस्तान की पंजाब असेंबली के दूसरे सदस्यों ने भी कश्मीर में भारत की भूमिका को लेकर आलोचना की है। पाकिस्तान लगातार कश्मीर को लेकर भारत पर निशाना साध रहा है। 9 जुलाई को हिजबुल के कमांडर बुरहान वानी के एनकाउंटर के बाद से ही कश्मीर में अशांति फैली हुई है। भारत इस अशांति के लिए पाकिस्तान को दोषी ठहरा रहा है।
































































