पाकिस्तान की एक शीर्ष अधिकारी ने मंगलवार को आरोप लगाया है कि भारत परमाणु पनडुब्बी का निर्माण कर रहा है। रेडियो पाकिस्तान के अनुसार, इस्लामाबाद में एक संगोष्ठी को संबोधित करते हुए विदेश मंत्रालय में अतिरिक्त सचिव तसनीम असलम ने दावा किया है कि भारत हर दिन परमाणु हथियारों का जखीरा तैयार कर रहा है। जिसके चलते इस्लामाबाद अपनी रक्षा के लिए उपाय करने को मजबूर है।
तसनीम ने यह आरोप भी लगाया है कि भारत नियंत्रण रेखा पर बगैर उकसावे के गोलीबारी कर रहा है और साथ ही गैर जिम्मेदाराना बयान दे रहा है। उन्होंने कहा, ‘भारत परमाणु पनडुब्बी विकसित कर रहा है और वह नियंत्रण रेखा एवं कामकाजी सीमा पर बगैर उकसावे के गोलीबारी कर रहा है। इन परिस्थितियों में पाकिस्तान के पास खुद को रक्षा के लिए तैयार रखने के अलावा कोई विकल्प नहीं है।’ उन्होंने आगे कहा कि पाकिस्तान न्यूनतम प्रतिरोध क्षमता बनाये रखे हुए है लेकिन वह क्षेत्रीय शांति एवं स्थिरता के लिए काम करने को तैयार है।
असलम ने कहा कि हालांकि भारत पाकिस्तान पर गैर सरकारी तत्वों के जरिए आतंकवाद फैलाने का आरोप लगाता है, जबकि भारत सरकार खुद आतंकी गतिविधियों में संलिप्त है। साथ ही कहा कि, आतंकवाद में भारत की संलिप्तता का पाकिस्तान के पास सबूत हैं।
पाकिस्तानी अधिकारी ने जोर देकर कहा कि अमृतसर में आयोजित ‘हार्ट ऑफ एशिया’ सम्मेलन में भाग लेने का पाकिस्तान का निर्णय अफगानिस्तान में शांति और स्थिरता के प्रति उसकी प्रतिबद्धता को दर्शाता है। उन्होंने दावा किया, ‘सम्मेलन में शरीक होने के हमारे फैसले ने हार्ट आॅफ एशिया प्रक्रिया को हाईजैक करने की भारत की कोशिश को भी नाकाम कर दिया।’