पाकिस्तान ने अरब सागर की अपनी सीमा में कथित तौर पर प्रवेश करने वाले कम से कम 43 भारतीय मछुआरों को रविवार को गिरफ्तार कर लिया। इन पर अरब सागर में पाकिस्तान की जल सीमा में प्रवेश करने का आरोप है।
पाकिस्तान समुद्री सुरक्षा एजेंसी (पीएमएसए) ने सिंध प्रांत के तट से भारतीय मछुआरों को गिरफ्तार किया। इन सभी को कराची ले जाकर पुलिस को सौंप दिया गया। पुलिस ने इनके खिलाफ विदेशी कानून और मत्स्य पालन कानून के तहत मामला दर्ज किया है। भारतीय मछुआरों को सोमवार को कोर्ट में पेश किया जाएगा। पाकिस्तान समुद्री सुरक्षा एजेंसी ने इन मछुआरों को सिंध प्रांत के तट के निकट से पकड़ा और इनको कराची ले जाया गया। एजेंसी के एक अधिकारी ने बताया, ‘मछुआरों के खिलाफ आगे मामला दर्ज करने के लिए उनको डॉक थाने के सुपुर्द कर दिया गया।’
इस बीच गैर सरकारी संगठन ईधी फाउंडेशन भारतीय मछुआरों की मदद में आगे आया। उसने इन सभी के लिए भोजन का इंतजाम किया। अरब सागर में अक्सर जल सीमा का उल्लंघन करने पर भारत और पाकिस्तान एक दूसरे के मछुआरों को गिरफ्तार कर लेते हैं। रिहा होने और अपने देश भेजे जाने से पहले इन्हें जेल में महीनों और कभी-कभी वर्षों गुजारने पड़ते हैं।
































































