चीन के जियांग्शी प्रांत में गुरुवार को एक निमार्णाधीन पावर स्टेशन के कूलिंग टावर का हिस्सा गिरने से कम से कम 40 लोगों की मौत हो गई जबकि कई लोग घायल हो गए। चीन की समाचार एजेंसी शिन्हुआ के मुताबिक राहत और बचाव का काम जारी है। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। ये हादसा सुबह सात बजे के आसपास हुआ है।
अभी इस दुर्घटना के बारे में चीनी अधिकारियों की तरफ से कोई बयान नहीं आया है। हादसे का कारण अभी स्पष्ट नहीं हो पाया है। बताया जा रहा है कि ये एक कूलिंग टावर था और इस टावर पर काम चल रहा था। सुबह के वक्त ये ढह गया। कहा ये भी जा रहा है कि इसमें कई लोगों के फंसे होने की भी आशंका है। चीन में औद्योगिक दुर्घटनाएं आम हो चली हैं। यहां आए दिन कोई ना कोई निर्माणाधीन इमारत गिर जाती है। अगस्त के महीने में ही एक पाइप लाइन में धमाका हुआ था और इस हादसे में 21 लोगों की मौत हो गई थी।
चीन की सरकार ने ऐसी जगहों पर सुरक्षा का लेवल बढ़ाने का वादा किया है। पिछले साल तियानजिन प्रांत की एक केमिकल फैक्ट्री में हुए ब्लास्ट में कम से कम 170 लोगों की मौत हो गई थी। इस दुर्घटना के बाद इस देश में कर्मचारियों की सेफ्टी को लेकर बहस तेज हो गई थी।