पाकिस्तानी मॉडल कंदील बलोच की हत्या के बाद पाकिस्तान सरकार उसे न्याय दिलाने में लग गई है। पाकिस्तान के पंजाब प्रांत की सरकार ने एक नया नियम बनाया है जिसके तहत कंदील का परिवार उसके हत्यारे भाई को माफ नहीं कर सकता। हॉरर किलिंग के मामले में अब तक यह सबसे बड़ा पेंच था। लड़की या लड़के की ‘शान’ के लिए हत्या करने वाले को अगर परिवार माफ कर देता था तो उसे सजा नहीं होती थी। चाहे उसपर आरोप साबित हो जाएं। लेकिन अब कंदील का परिवार यह नहीं कर सकेगा। कंदील के कुल 6 भाई हैं। उनमें से छोटे भाई मोहम्मद वसीम ने ही कंदील को जहर खिलाया था और फिर गला घोंटकर मार दिया था।
पंजाब प्रांत की पुलिस द्वारा इस बात की पुष्टि भी कर दी गई है। बताया गया कि सरकार के आदेश पर ही परिवार को समझा दिया गया है कि वह किसी भी हालत में कंदील के भाई को माफ ना करें।
वसीम शुक्रवार (15 जुलाई) को कंदील का मर्डर करके भाग गया था। पकड़ में आने के बाद उसने कबूला था कि उसे कंदील का वीडियो में काम करना पंसद नहीं था इसलिए ही उसने कंदील की जान ली। कंदील अपने बोल्ड वीडियो और बयानों को लेकर चर्चा में रहती थीं। उन्होंने पाकिस्तान ही नहीं भारत के मशहूर लोगों के बारे में भी वीडियो बनाए थे। उन लोगों में पीएम मोदी, विराट कोहली जैसे लोग भी शामिल हैं।