बीजिंग। चीन के सबसे बड़े साइबेरियाई बाघ प्रजनन केंद्र में इस साल 50 से अधिक बाघ शावकों का जन्म हुआ है। यह केंद्र देश के उत्तर पश्चिमी हीलोंगजियांग प्रान्त में है। हीलोंगजियांग साइबेरियन टाइगर पार्क से रविवार को जारी एक बयान में बताया गया है कि वैज्ञानिक हर साल डीएनए डेटाबेस का उपयोग कर कुछ बाघों को चुनते हैं और प्रजनन कराते हैं। पार्क के प्रमुख इंजीनियर लियु दान ने बताया कि पारिस्थितिकी संतुलन बनाए रखने के लिए पार्क बाघों की संख्या को करीब 1,000 पर नियंत्रित रखता रहा है। साइबेरियाई बाघ के लिए प्रजनन का अनुकूल समय मई और जून होता है।
सरकारी समाचार एजेंसी शिन्हुआ की खबर में बताया गया है कि शावकों को करीब 100 दिनों तक उनकी माओं के पास रखा जाएगा ताकि वह दौड़ना और शिकार करना सीख सकें। इसके बाद उन्हें पार्क के उस हिस्से में छोड़ा जाएगा जहां उन्हें जंगल जैसा माहौल मिलेगा।
साइबेरियाई बाघ दुनिया भर में बाघों की सर्वाधिक संकटग्रस्त प्रजाति है। यह प्रजाति पूर्वोत्तर चीन तथा पूर्वी रूस में पाई जाती है। इस दुर्लभ प्रजाति को बचाने के लिए वर्ष 1986 में हीलोंगजियांग साइबेरियन टाइगर पार्क की स्थापना की गई थी।