उत्तरप्रदेश के आगामी विधानसभा चुनाव में कांंग्रेस की तरफ से मुख्यमंत्री पद की उम्मीदवार शीला दीक्षित चुनावी रैली को संबोधित करने शुक्रवार को गोरखपुर पहुंचीं, यहां शीला ने कहा कि यूपी में कोई भी सरकार विकास नहीं कर पाई है। 27 साल पहले जब सूबे में कांग्रेस की सरकार थी..तब यूपी विकास की राह पर चला, लेकिन इसके बाद जो भी सरकार यूपी में आई वही यहां विकास करने में नाकाम हुई।
’27 साल यूपी बेहाल’ के नारे के साथ कांग्रेस की यात्रा का दूसरा चरण शुक्रवार को गोरखपुर से शुरू हुआ। गोरखपुर में यात्रा लेकर पहुंची शीला दीक्षित और कैम्पेन कमिटी के चेयरमैन डॉ. संजय सिंह ने प्रदेश सरकार पर जमकर हमला बोला। शीला ने कहा कि –
1 – कांग्रेस के राज में उत्तर प्रदेश विकास के मामले नंबर एक था। लेकिन दूसरी सरकारों ने यूपी को आखिरी पायदान पर पहुंचा दिया।
2 – सपा सरकार में महिलाएं सुरक्षित नहीं, उद्योगों का पलायन हो रहा, शिक्षा का स्तर गिर गया है।
3 – अगर हमारी सरकार बनी तो हम किसी भी मां की गोद सूनी नहीं रहने देंगे। जब हमारी सरकार थी जब हमने इन्सेफ्लाइटिस उन्मूलन के लिए काम किया।
4 – भाजपा की करनी और कथनी में बड़ा फर्क है। अयोध्या में बाबरी मस्जिद तो गिरवा दी, लेकिन मंदिर नहीं बनवाया।
इस रैली में कैम्पेन कमिटी के चेयरमैन डॉ. संजय सिंह भी मौजूद रहे। उन्होंने भी शीला के सुर में सुर मिलाते हुए विरोधियों की जमकर कलई खोली।
1 – हम अपने बूते पर सरकार बनाएंगे, किसी पार्टी से गठबंधन नहीं करेंगे। अगर गंठबंधन करेंगे तो जनता से।
2 – लखनऊ का चिकन कारोबार हो या बनारस की जरी और कन्नौज का इत्र सब बर्बादी की कगार पर पहुंच गए हैं। यूपी में सिर्फ अपराध उद्योग पनप रहा है।
3 – शीला दीक्षित की बढ़ती उम्र पर पूछे गए सवाल पर संजय सिंह ने कहा कि घर का सबसे उम्र दराज व्यक्ति ही पूरा घर संभालता है। यूपी को भी कांग्रेस ने एक अनुभवी चेहरा दिया है।
































































