नई दिल्ली। उत्तर प्रदेश में सपा मुखिया मुलायम सिंह यादव द्वारा दखल दिए जाने बाद शुक्रवार(16 सितंबर) को मुख्यमंत्री अखिलेश यादव नरम नजर आए। शाम को उन्होंने एक ट्वीट करते हुए एलान किया कि चाचा शिवपाल यादव के सारे मंत्रालय वापस किए जाएंगे, जो उनसे पिछले हफ्ते छीन लिए थे।
श्री शिवपाल सिंह यादव जी को विभाग वापस किए जायेंगे।
— CM Office, GoUP (@CMOfficeUP) September 16, 2016
इतना ही नहीं, मुलायम सिंह यादव के दखल के बाद अखिलेश द्वारा लिए गए सारे फैसले पलट दिए गए हैं। शिवपाल के साथ गायत्री प्रजापति की भी वापसी हो गई है। पिछले हफ्ते भ्रष्टाचार के आरोप में गायत्री से छीना गया मंत्रालय वापस लौटा दिया जाएगा। प्रजापति को मुलायम सिंह और शिवपाल यादव का करीबी माना जाता है।
श्री गायत्री प्रजापति मंत्रिपरिषद में शामिल किए जायेंगे।
— CM Office, GoUP (@CMOfficeUP) September 16, 2016
शिवपाल के इस्तीफे के बाद परिवार में लगी आग को बुझाने का दावा करते हुए मुलायम सिंह ने लखनऊ में पार्टी दफ्तर के बाहर कार्यकर्ताओं से कहा कि उनके रहते पार्टी में फूट नहीं हो सकती। कार्यकर्ताओं को दिलासा देते हुए मुलायम ने कहा कि बाप-बेटे में थोड़ी अनबन कहां नहीं होती है, लेकिन पार्टी में फूट नहीं है और पार्टी एकजुट है।
मालूम हो कि मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने गत 13 सितंबर को खुद को समाजवादी पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष पद से हटाकर यह जिम्मेदारी शिवपाल को दिए जाने के बाद शिवपाल से लोक निर्माण, राजस्व तथा सहकारिता जैसे महत्वपूर्ण विभाग वापस ले लिए थे।
उसके बाद शिवपाल ने गुरुवार रात एक नाटकीय घटनाक्रम में मंत्री पद तथा सपा के प्रदेश अध्यक्ष के ओहदे से इस्तीफा दे दिया था। पार्टी में मचे घमासान के बीच सपा मुखिया मुलायम सिंह यादव ने स्थिति संभालने के लिए मुख्यमंत्री अखिलेश यादव और शिवपाल यादव से मुलाकात की थी।