नई दिल्ली। फिनलैंड के दौरे पर गए दिल्ली के उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया को उपराज्यपाल नजीब जंग ने तुरंत दिल्ली वापस बुलाया है। नजीब जंग ने मौखिक आदेश देकर सिसोदिया को दिल्ली लौटने के लिए कहा है। हालांकि मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, सिसोदिया ने लौटने से इनकार कर दिया है। राजधानी में चिकनगुनिया और डेंगू से लगातार हो रही मौतों के बीच एलजी का यह फरमान दिल्ली का सियासी पारा फिर गरमा सकता है।
वहीं मनीष सिसोदिया ने मीडिया रिपोर्ट पर सवाल उठाते हुए कहा कि दिल्ली में शिक्षा सिस्टम को सुधारने के लिए वो फिनलैंड दौरे पर हैं, उन्होंने कहा कि वो फिनलैंड एजुकेशन टूर पर हैं ना कि छुट्टी मनाने के लिए आए हैं। उन्होंने इस पूरे मामले के पीछे विपक्ष को साजिश रचने का आरोप लगाया है। उप मुख्यमंत्री 13 सितम्बर को दिल्ली से रवाना हुए थे। वे एक शिक्षा सम्मेलन में हिस्सा लेने गए हैं। बताया जा रहा है कि तय कार्यक्रम के मुताबिक 17 सितम्बर तक के लिए विदेश दौरे पर थे।
सूत्रों के मुताबिक, राजधानी में डेंगू और चिकनगुनिया के मामलों में हो रही बढ़ोतरी के मद्देनजर एलजी ने उप मुख्यमंत्री को तुरंत दिल्ली लौटने को कहा है। मनीष सिसोदिया दिल्ली के उप मुख्यमंत्री के अलावा शिक्षा मंत्री भी हैं। वे इन दिनों फिनलैंड के दौरे पर हैं ताकि वे वहां का शिक्षा ढांचा समझ सकें और दिल्ली में इसे लागू करा सकें। सिसोदिया के अलावा उनके साथ गए सभी अधिकारियों को भी लौटने का आदेश दिया गया है।