नई दिल्ली। देश के जाने-माने उद्योगपति रतन टाटा, दूरसंचार क्षेत्र के नियामक ट्राई के चेयरमैन आर. एस. शर्मा का ट्विटर अकाउंट हैक कर लिया गया। शर्मा का अकाउंट शनिवार(10 सितंबर) को हैक हुआ, जबकि रतन टाटा का अकाउंट शुक्रवार(9 सितंबर) को हैक हुआ था।
टाटा ने ट्वीट करके खेद जताया है कि उनका अकाउंट हैक कर लिया गया और इस पर दुर्भावना के साथ गलत ट्वीट किए गए। अब इन नकली पोस्टों को हटा लिया गया है। इस असुविधा के लिए उन्हें खेद है।
टाटा के अकाउंट से एक रिट्वीट हुआ था। जिसमें रिलायंस इंडस्ट्रीज के प्रमुख मुकेश अंबानी और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की साथ में एक फोटो थी जिस पर कैप्शन था ‘नेटवर्क 18 के मालिक अपने एंप्लॉयी का स्वागत कर रहे हैं, जो लोगों को बताएंगे कि कैसे उनके साथी मंहगाई पर लगाम लगाएंगे।’ यह ट्वीट हिस्ट्री पिक्स ऑफ इंडिया नाम के एक परौडी अकाउंट से हुआ था।
इसी तरह शर्मा के खाते से किए गए ट्वीट में अश्लील टिप्पणी के साथ एपल एपस्टोर का लिंक भी साझा किया गया है। ट्राई के एक अधिकारी ने बताया कि ट्विटर को उनके खाते के हैक होने की जानकारी दे दी गई है और खराब पोस्टों को हटाया जा रहा है। शर्मा इस समय फिजी और ऑस्ट्रेलिया की आधिकारिक यात्रा पर हैं।