उत्तर प्रदेश में भाजपा एक मात्र विकल्प: अमित शाह

0

बस्ती। भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह ने केन्द्र में पूर्ण बहुमत से पार्टी की सरकार बनवाने का श्रेय उत्तर प्रदेश के मतदाताओं को देते हुए भरोसा दिलाया है कि उनकी पार्टी राज्य में सपा-बसपा का प्रभावशाली विकल्प देगी। शाह ने राहुल गांधी पर तंज कसते हुए कहा कि गर्मी के कारण विदेश गए राहुल बाबा को मैं बताना चाहता हूं कि दो सालों में हमने देश को बोलने वाला प्रधानमंत्री दिया है।
शाह ने शुक्रवार को किसान डिग्री कालेज में आयोजित गोरखपुर मंडल के पार्टी बूथ अध्यक्षों के सम्मेलन को संबोधित करते हुए कहा कि केंद्र में भाजपा को मिले पूर्ण बहुमत का श्रेय उत्तर प्रदेश के लोगों को जाता है। उत्तर प्रदेश में सपा का विकल्प बसपा नहीं बन सकती। केवल भाजपा ही सपा बसपा का विकल्प दे सकती है। पार्टी कार्यकर्ताओं को लोकसभा चुनाव के प्रदर्शन को वर्ष 2017 के विधानसभा चुनाव में भी दोहराने का आह्वान करते हुए शाह ने कहा कि हमें भरोसा है कि विधानसभा चुनाव में पार्टी को दो तिहाई से अधिक सीटें मिलने वाली है।
उन्होंने कहा कि मोदी सरकार की योजनाएं उत्तर प्रदेश की आम जनता तक नहीं पहुंच पा रही है, इसलिए कि बीच में सपा सरकार बैठी है। लोगों से सीधा संवाद स्थापित करते हुए शाह ने कहा कि उत्तर प्रदेश सरकार सरकारी जमीन को गरीबों और वंचितों को उपलब्ध कराने के बजाए गुंडों और माफियाओं को दे रही है। उनका इशारा मथुरा के जवाहर बाग कांड की ओर था। उन्होंने गोरखपुर में प्रस्तावित एम्स की स्थापना में हो रहे विलम्ब के लिए प्रदेश सरकार को जिम्मेदारी बताते हुए तंज किया कि अब इसके लिए मुख्यमंत्री को परेशान होने की जरूरत नहीं है। भाजपा इसका रास्ता निकाल लेगी।

इसे भी पढ़िए :  SIMI आंतकी एनकाउंटर, चश्मदीद ने बताया किस तरह हुआ पूरा घटनाक्रम, देखें वीडियो