MCD के चुनावों के नतीजे आ रहे हैं। जैसे-जैसे रिजल्ट आता जा रहा है नेताओं के सुर भी बदलते जा रहे हैं। आम आदमी पार्टी के संयोजक और दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल ने फिर ईवीएम में गड़बड़ी का राग अलापा है। उधर अन्ना हजारे ने कहा कि अगर ईवीएम में गड़बड़ी है तो उसे साबित करके दिखाओ। हजारे ने कहा कि उन्हें आम आदमी पार्टी की हार का दुख है। अरविंद केजरीवाल ने जो कहा वह नहीं किया। आप पर लोगों का भरोसा कम हो गया है। अन्ना हजारे ने कहा कि अगर दिल्ली मार्डन बन जाती है तो पूरा देश उसका अनुसरण करेगा। दिल्ली बीजेपी के अध्यक्ष मनोज तिवारी ने कहा कि दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल ने दिल्ली वालों को धमकाया है।
आम आदमी पार्टी की विधायक अल्का लांबा ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया है। वहीं दिल्ली कांग्रेस के अध्यक्ष अजय माकन ने अपने पद से इस्तीफा देने की पेशकश की है। उन्होंने हार की नैतिक जिम्मेदारी ली है। वहीं भारतीय जनता पार्टी के अध्यक्ष अमित शाह ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर कहा कि यह मोदी सरकार के काम की जीत है। शाह ने कहा कि दिल्ली के परिणाम ने बीजेपी के विजय रथ को आगे बढ़ाया है। MCD चुनाव के लिए 23 अप्रैल को वोटिंग हुई थी। इसमें कुल 272 में से 270 वार्ड में वोटिंग हुई थी। जिन दो वार्ड पर फिलहाल वोटिंग नहीं हुआ है उसमें सराय पीपल थाला और मौजपुर शामिल है। दोनों सीटों पर अगले महीने चुनाव होगा।