हरियाणा के गुड़गांव के एमजी रोड मेट्रो स्टेशन पर आज एक आदमी ने अपनी प्रेमिका की बड़ी बेरहमी से चाकू मारकर हत्या कर दी। बताया जा रहा है कि आरोपी ने महिला पर 8 बार चाकू से वार किया।
हालांकि ये बात अचरज भरी रही कि कि प्रेमिका को मारने के बाद वो शख्स भागा नहीं। लोगों ने उसकी काफी पिटाई की और बाद में पुलिस के हवाले कर दिया। जानकारी के अनुसार आरोपी लड़के की उम्र 22 साल है, जबकि महिला की उम्र 34 साल बताई गई है। कहा जा रहा है कि दोनों के बीच प्रेम संबंध थे।
जानकारी के मुताबिक, उत्तर प्रदेश निवासी जितेंद्र, मेघालय की पिंकी को काफी वक्त से जानता था। सोमवार सुबह करीब 9 बजे जब पिंकी एमजी रोड मेट्रो स्टेशन पर पहुंची तो जितेंद्र वहां पहले से मौजूद था। जितेंद्र ने पिंकी का पीछा अंदर स्टेशन तक किया। इसके बाद उस पर चाकू से कई वार किए। बुरी तरह घायल पिंकी को आनन फानन में अस्पताल भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
जानकारी के मुताबिक, दोनों के बीच प्रेम प्रसंग चल रहा था। आरोपी जितेंद्र को आसपास के लोगों ने जमकर पीटा। इसके बाद उसे पुलिस के हवाले कर दिया। जितेंद्र को पुलिस ने हॉस्पिटल में एडमिट कराया है।