उत्तर प्रदेश में छेड़खानी से परेशान होकर एक लड़की ने सीएम योगी आदित्यनाथ को चिट्ठी लिखकर मदद की गुहार लगाई है। लड़की ने चिट्ठी में यह भी लिखा है कि अगर उसकी मदद नहीं की गई तो वह उत्तर प्रदेश में रहना छोड़ देगी।
खबरों के मुताबिक चिट्ठी एक 19 वर्षीय छात्रा ने लिखी है जिसने मनचलों की छेड़खानी के डर से कॉलेज जाना भी बंद कर दिया है। छेड़खानी का मामला आगरा का है। लड़की का दावा है कि लगभग आधा दर्जन लड़के उसके साथ छेड़खानी करते हैं। लड़की ने यह भी बताया कि लड़के उसके कपड़े तक खीचने की कोशिश करते हैं। छेड़खानी करने वालों को कानून का कोई खौफ नहीं, इसका अंदाजा लड़की के एक और दावे से लगाया जा सकता है। लड़की के मुताबिक 4 जुलाई को वह अपने पिता और भाई के साथ मंदिर गई थी। बदमाशों ने लड़की के पिता और भाई के साथ होते हुए भी उससे छेड़खानी की और दोनों(पिता-भाई) के विरोध करने पर उनके साथ मार-पीट की जिसमें दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए।
पुलिस के मुताबिक इस मामले पर एफआईआर भी दर्ज कर ली गई है। पुलिस के मुताबिक आरोपियों की तलाश जारी है लेकिन लड़की का दावा है कि मनचलों को उनके पड़ोस में किसी भी समय देखा जा सकता है। लड़की का दावा है कि लड़कों के राजनीतिक लोगों से अच्छे संबंध हैं और सभी अमीर घरानों से आते हैं। इसके अलावा छेड़खानी से परेशान होकर घर बदलने की बात भी लड़की ने कही है। द टेलीग्राफ के मुताबिक लड़की ने कहा, “मेरे माता-पिता घर बेचकर किसी दूसरे राज्य में सेटल होने के बारे में विचार कर रहे हैं। हमारे साथ बहुत बुरा हो रहा है। वे गुंडे हमे लगातार धमका रहे हैं कि मेरी पढ़ाई को रुकवा देंगे।” 19 वर्षीय लड़की बी.कॉम की पढ़ाई कर रही है।