नई दिल्ली। जम्मू-कश्मीर के बाद अब हिमाचल प्रदेश दो राजधानियों वाला भारत का दूसरा राज्य होगा। मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह ने गुरुवार(19 जनवरी) को धर्मशाला को राज्य की दूसरी राजधानी घोषित किया। यह घोषणा विधानसभा चुनाव के लिए महत्वपूर्ण है, क्योंकि राज्य के 60 विधानसभा सीटों में से 25 इसी क्षेत्र के अंतर्गत आते हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि धर्मशाला राज्य की दूसरी राजधानी बनने का हकदार है। उन्होंने कहा कि राज्य के निचले इलाकों जैसे कांगड़ा, चंबा, हमीरपुर और ऊना जिले में इस शहर का अपना महत्व है। धर्मशाला की कुल जनसंख्या करीब 70 लाख है।
इस घोषणा के बाद अब यहां के लोगों को इस विशेष दर्जे का फायदा होगा और उन्हें अपने काम के लिए शिमला नहीं जाना होगा। सिंह ने कहा कि धार्मिक और पर्यटन के महत्व के चलते धर्मशाला का केवल भारत के नक्शे पर ही नहीं, बल्कि दुनिया के नक्शे पर भी अहम स्थान है।
धर्मशाला न केवल भारत, बल्कि पूरे विश्व में धार्मिक, प्राकृतिक व साहसिक पर्यटन सहित अनेक कारणों के लिए प्रसिद्ध है। तिब्बती धर्मगुरु दलाई लामा ने 1960 में दलाई लामा ने इस शहर को अपना मुख्यालय बनाया था, तभी से यहां विश्व भर से लोगों का आवागमन होता है। धर्मशाला धौलाधार पर्वत श्रंखला पर स्थित है।