शुक्रवार को अस्पताल से एक महिला और उसकी सास एक नवजात बच्चे को चोरी कर फरार हो गई। इस घटना के बाद पूरे अस्पताल में हड़कंप मच गया था। लेकिन वक्त रहते पुलिस ने सख्ती दिखाई और महज़ कुछ घंटों में महिला को गिरफ्तार कर बच्चे को छुड़वा लिया।
इस पूरे घटनाक्रम में पुलिस के लिए सबसे मददगार साबित हुई अस्पताल की सीसीटीवी फुटेज, सीसीटीवी फुटेज के आधार पर पुलिस बच्चा चोरी करने वाली महिला तक पहुंचने में सफल हुई। क्योंकि बच्चा ले जाने की घटना अस्पताल के सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई थी। इसके अलावा महिला अपना आंगनवाड़ी कार्ड भी अस्पताल में ही छोड़ गई थी। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज कार्ड के आधार पर महिला के एड्रेस को ट्रेस किया।
पुलिस के मुताबिक खोरी गांव के राजेश की पत्नी नीलम को शुक्रवार को प्रसव पीड़ा होने पर बीके अस्पताल में भर्ती कराया गया था। साढ़े 12 बजे नीलम ने लड़के को जन्म दिया। राजेश के अनुसार उन्हें पहली बेटी थी। यह उनका दूसरा बच्चा था। बेटा होने की खुशी पूरे परिवार को थी। लेकिन इनकी खुशियों पर उस वक्त ग्रहण लग गया जब इनके घर आया मेहमान चंद घंटे बाद ही रहस्यमय हालात में गायब हो गया।
दरअसल बच्चा चुराने वाली महिला ने पहले बच्चे को खिलाने की मंशा जाहिर की थी। वो बच्चे को खिला रही थी इसी बीच वो बच्चे को लेकर फरार हो गई। काफी देर तक वापस नहीं लौटी तो उसे तलाशा गया। लेकिन जब महिला का पता नहीं चला तो अस्पताल में बच्चा चोरी की घटना से हंगामा मच गया। बाद में महिला को सीसीटीवी फुटेज और आंगनवाड़ी कार्ड के आधार पर पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया।
महिला की गिरफ्तारी के बाद उसके चंगुल से बच्चे को बरामद कर लिया गया। बच्चे के पिता राजेश मां नीलम ने कहा कि उनका यह दूसरा बच्चा है। उनकी पहली बेटी थी। जब बेटे का जन्म हुआ तो पूरा परिवार खुशी से फूले नहीं समा रहा था। बच्चा चोरी होने की घटना ने उन्हें तोड़कर रख दिया था।
बेटे की चाह में चोरी किया बच्चा
पुलिस पूछताछ में ज्योति ने बताया कि उसके कोई बच्चा नहीं था। दो बार गर्भपात हो चुका है। इससे वह काफी परेशान थी। जब उसने नीलम के बच्चे को देखा तो उसे चोरी करने का मन बना लिया।