नई दिल्ली। दिल्ली में आम आदमी पार्टी के एक और विधायक पर केस दर्ज हुआ है। आरोप है कि संगम विहार इलाके के विधायक दिनेश मोहनिया ने पानी की किल्लत की शिकायत लेकर पहुंची इलाके की महिलाओं के साथ बदसलूकी की।
दरअसल पानी की समस्या से परेशान होकर महिलाएं विधायक दिनेश मोहनिया के दफ्तर के बाहर प्रदर्शम कर रही थीं। आरोप है कि इसी दौरान आप के कुछ कार्यकर्ताओं ने मोबाइल से वीडियो बना रहे कुछ लोगों को वीडियो बनाने से मना किया और महिलाओं से बदसलूकी की। मोहनिया पर भी महिलाओं को गाली दने का आरोप है। महिलाओं ने मारपीट और जान से मारने की धमकी देने का भी आरोप लगाया है।
दिल्ली के नेबसराय इलाके में इस बाबत शिकायत दर्ज कराई गई है। शिकायत के आधार पर पुलिस जांच में जुट गई है। मोहनिया दिल्ली जल बोर्ड के उपाध्यक्ष भी हैं।
मोहनिया पहले भी विवादों में रहे हैं। उन्होंने तीन साल पहले बीजेपी के एक नेता पर ‘आप’ के विधायकों की खरीद-फरोख्त का गंभीर आरोप लगाते हुए स्टिंग किया था।