नई दिल्ली। तेलुगू फिल्म स्टार एवं जन सेना पार्टी के संस्थापक पवन कल्याण की ओर से की गई आलोचना के जवाब में आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन. चन्द्रबाबू नायडू ने रविवार(28 अगस्त) को कहा कि वह किसी से नहीं डरते। दरअसल, कल्याण ने नायडू की आलोचना करते हुए कहा था कि तेदेपा को संभवत सीबीआई जांच का डर है, इसीलिए वह आंध्र प्रदेश को विशेष दर्जा का मुद्दा नहीं उठा रही है।
यद्यपि कल्याण ने मुख्यमंत्री का नाम नहीं लिया था, लेकिन नायडू ने इस मुद्दे पर कहा, ‘‘ पवन कल्याण को याद रखना चाहिए कि मैं किसी से नहीं डरता। वाईएसआर कांग्रेस या कांग्रेस के लोगों की तरह बात करना ठीक नहीं है।’’
अनंतपुरम जिले में एक जनसभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने अक्तूबर, 2003 में अलिपिरि में माओवादियों द्वारा उन पर किए गए हमले को याद दिलाते हुए कहा कि ‘‘ मैं मरने से भी नहीं डरता। मैं किसी भी चीज पर पीछे नहीं हटा। इसलिए, मेरा किसी से डरने का कोई सवाल ही नहीं उठता।’’