घाटी में पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच ताजा झड़प में 2 की मौत, विधायक घायल

0

कश्मीर में हालात दिन ब दिन बिगड़ता ही जा रहा है। प्रदर्शनकारियों और सुरक्षा बलों के बीच ताजा संघर्ष में दो लोगों की मौत हो गई है। यह घटना कश्मीर के काजीगुंड में सेना के वाहन पर पथराव कर रहे प्रदर्शनकारियों पर जवाबी गोलीबारी के दौरान हुई। वहीं पथराव कर रही भीड़ ने पीडीपी के एक विधायक पर हमला कर दिया। आज 10वें दिन भी घाटी में कर्फ्यू लगा रहा। पुलिस ने बताया कि इस गोलीबारी में सात लोग घायल भी हुए हैं। जिसमें से एक की स्थिति गंभीर बनी हुई है। आज अलग-अलग घटनाओं में झड़पों में कुल मिलाकर 12 लोग घायल हो गए।
पुलवामा से पीडीपी के विधायक मोहम्मद खलील बांद के वाहन को पथराव कर रही भीड़ ने कल रात निशाना बनाया जिससे विधायक घायल हो गए। एक आधिकारिक प्रवक्ता ने बताया कि जम्मू कश्मीर की मुख्यमंत्री महबूबा मुफ्ती ने घाटी में कानून और व्यवस्था की स्थिति पर चर्चा के लिए 21 जुलाई को सर्वदलीय बैठक बुलायी है। तीसरे दिन भी आज अखबार नहीं मिल पाए और 10 वें दिन भी टेलीफोन और मोबाइल इंटरनेट सेवा ठप है।
हम आपको बता दें कि हिजबुल आतंकी बुरहान वानी की मौत के बाद हो रहे प्रदर्शनों में अब तक कुल 41 लोगों की मौत हो चुकी है।

इसे भी पढ़िए :  सुरक्षा बलों पर हमले होंगे तो आत्मरक्षा में सेना कार्रवाई करेगी: जेटली