दिल्ली में इन दिनों किसिंग प्रैंक वीडियो का विवाद खुर्खियों में है। पुलिस इस मामले में लड़कियों को सरेआम किस करके भागने वाले लड़के सुमित को पहले ही गिरफ्तार कर चुकी है। ऐसे में दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच ने मंगलवार को यूट्यूब के विवादित किसिंग प्रैंक वीडियो में दिखने वाली दोनों लड़कियों के भी बयान दर्ज किए हैं। दोनों लड़कियां “द क्रेजी सुमित” यूट्यूब चैनल के एक प्रैंक वीडियो में दिखाई दी थीं। ये वीडियो कनॉट प्लेस में शूट किया गया था, जिसमें एक लड़का इन दो लड़कियों को किस करके भाग जाता है। इस वीडियो में दिखने वाले सुमित कुमार सिंह ने पुलिस को बताया था कि उसने यह वीडियो हिट्स पाने और पैसे कमाने के लिए बनाई थी।
लड़कियों ने कहा वीडियो को तो पता था लेकिन इंटरनेट से थी अंजान
इन दोनों लड़कियों ने पुलिस को पूछताछ में बताया कि उन्हें प्रैंक वीडियो के बारे में पहले से पता था लेकिन उन्हें नहीं पता था कि वीडियो इंटरनेट पर डाल दी जाएगी। एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया, “मंगलवार को वीडियो का हिस्सा रही दोनों लड़कियों से पूछताछ हुई। लड़कियां दिल्ली और गुड़गांव की रहने वाली थीं, उनसे उनके घर जाकर सवाल-जवाब किए गए।” इससे पहले दोनों के परिजनों को दरियागंज में कोतवाली स्थित क्राइम ब्रांच ऑफिस बुलाया गया था, जिन्हें पुलिस ने बताया था कि लड़कियों का बयान दर्ज कराना जरूरी है।
क्या था पूरा मामला ?
बता दें कि 20 साल के सुमित और उसके साथी सत्यजीत काद्यान (25) को पिछले हफ्ते गुड़गांव से हिरासत में लिया गया था। इस वीडियो को सत्यजीत ने शूट किया था। वीडियो 1 जनवरी को अपलोड किया गया। लेकिन भारी आलोचना होने के बाद इसे हटाना पड़ा था। हालांकि तब तक कई अन्य वेबसाइट पर यह पहुंच चुका था। सुमित को इसके लिए माफी भी मांगनी पड़ी थी। वीडियो से पैदा हुए विवाद के बाद साइबर क्राइम सेल ने स्वत: संज्ञान लेते हुए आईपीसी की धारा 354 (छेड़छाड़) के तहत केस दर्ज किया था। पुलिस ने बताया कि चूंकि अब लड़कियों ने स्वीकार कर लिया है कि इन्हें वीडियो की पहले से जानकारी थी, इसलिए अब पुलिस कानूनी सलाह लेगी कि क्या धारा बदलने की जरूरत पड़ेगी। पुलिस एक बार फिर से सुमित और सत्यजीत से पूछताछ कर सकती है।