नोएडा: बुलंदशहर के डिबाई विधानसभा के विधायक श्रीभगवान शर्मा उर्फ़ गुड्डू पंडित पर सेक्टर 18 के कारोबारी महेंद्र सिंह ने ऑडी हड़पने का अरोप लगाया है। इस संबंध में कोतवाली सेक्टर 20 में लिखित शिकायत दी गई है। विधायक का कहना है कि महेंद्र सिंह ने उनसे 25 लाख रुपये ब्याज पर ले रखे हैं। साथ ही उनकी स्कॉर्पियो भी रखी हुई है। पैसो और गाड़ी देने पर ऑडी वापस की जाएगी। एसपी सिटी का कहना है विधायक पर लगे आरोपों की जांच होगी। जांच में आरोप सही साबित होने पर सख्त कार्यवाई होगी।
कोतवाली सेक्टर 20 में दी गई शिकायत के अनुसार महेंद्र सिंह का नोएडा सेक्टर 18 में दफ़्तर है। वे कारोबारी हैं। बुलंदशहर से डिबाई के विधायक गुड्डू पंडित 3 नवंबर को महेंद्र सिंह के जहांगीराबाद स्थित उनके घर गए थे, जहां जागरण का आयोजन किया गया था। आरोप है कि गुड्डू पंडित ने महेंद्र सिंह से उनकी ऑडी मांगी थी। इसके बाद से ही वो कार वापस नहीं कर रहे हैं। महेंद्र सिंह ने कई बार अपनी गाड़ी वापस करने के लिए कहा, लेकिन विधायक की ओर से कार वापस नहीं किया जा रहा है। महेंद्र ने गुरूवार शाम को इस मामले की शिकायत कोतवाली सेक्टर 20 पुलिस से की है। उधर गुड्डू पंडित का कहना है कि महेंद्र सिंह ने उनसे 25 लाख रुपये उधार लिए थे, और अब वापस नहीं कर रहे हैं। साथ ही एक स्कॉर्पियो कार भी ले रखी है।