वाराणसी के राजघाट में कार्यक्रम के दौरान भगदड़ मचने से 24 लोगों की मौत हो गई है। घटना में कई लोग घायल बताए जा रहे हैं। राज्य के पुलिस महानिरीक्षक (लॉ एंड ऑर्डर) हरीराम शर्मा ने बताया कि अब तक 24 लोगों की मौत हो गई है, दो महिलाओं का अस्पताल में इलाज चल रहा है। उन्होंने बताया कि एक आदमी के गिरने के बाद भगदड़ मची। भगदड़ के पीछे की वजह की जांच की जा रही है।
प्राप्त जानकारी के मुताबिक वाराणसी के राजघाट पुल के पास बाबा जयगुरुदेव के आयोजित कार्यक्रम में दोपहर को अचानक भगदड़ मच गई। हालांकि भगदड़ की वजह अभी तक साफ नहीं हो सकी है। बताया जा रहा है कि घायल होने वालों में महिलाओं की संख्या ज्यादा है। वहीं, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वाराणसी में मची भगदड़ में मारे गए लोगों के लिए गहरा दुख जताते हुए शोक संतप्त परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की है। साथ ही घायलों के दुआ की है। पीएम मोदी ने आगे कहा कि इस संबंध में उन्होंने अधिकारियों से बात की है और उन्हें प्रभावित लोगों को हर संभंव मदद दिए जाने को सुनिश्चित करने को कहा है।
घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वहीं, घटना के बाद सड़कें जाम हो गई हैं। जिसके चलते घायलों को अस्पताल पहुंचाने में प्रशासन को कड़ी मशक्कत का सामना करना पड़ रहा है। इससे पहले वाराणसी के आईजी जोन एसके भगत ने बाबा जयगुरुदेव की सभा के दौरान 10 लोगों के मारे जाने की जानकारी दी थी। घटना के बाद वाराणसी के जिलाधिकारी समेत प्रशासन के आला अधिकारी मौके पर पहुंच चुके हैं। राज्य के मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने घटना में मारे गए लोगों और घायलों के लिए मुआवजे की घोषणा की है। घटना में मरने वालों के परिवार को 2 लाख रुपए मुआवजा और गंभीर रूप से घायल लोगों को 50 हजार रुपए मुअावजा देने का ऐलान किया है। वहीं पीएम नरेंद्र मोदी की ओर से भी मुआवजे की घोषणा की गई है। पीएम ने मृतकों के परिजनों को 2 लाख रुपए मुआवजा और घायलों को 50 हजार रुपए देने की घोषणा की थी।