उत्तर प्रदेश में बलिया जिले के दोकटी इलाके में एक युवती ने नशेड़ी दूल्हे से शादी से इनकार बारात लौटा दी। सूत्रों के अनुसार, दोकटी थाना क्षेत्र के दामोदरपुर दलित बस्ती गांव में दलनछपरा निवासी धनपति राम के बेटे राजन की बारात गत 10 जून को आई थी। द्वारपूजा व अन्य कार्यक्रम के बाद जब दूल्हा शादी के लिए मंडप में पहुंचा तो वह शराब के नशे में था तथा गुटखा चबा रहा था। शादी के मंडप में रस्म के अनुसार दुल्हन की बहनें दूल्हे की आरती उतारने के लिए उसके पास गईं तो उसके मुंह से शराब व गुटखे की बदबू आ रही थी।
नशे में उसके पैर भी लड़खड़ा रहे थे। लड़कियों ने आरती छोड़कर पूरी बात जाकर दुल्हन संगीता को बता दी। इसके बाद दुल्हन ने शराबी व नशेड़ी दूल्हे से शादी करने से साफ इनकार कर दिया।
पुलिस के मुताबिक कुछ रिश्तेदार महिलाओं ने दुल्हन को समझाने का प्रयास किया, लेकिन वह अपनी जिद पर अड़ गई और कहा कि अपनी जीवन की डोर किसी शराबी के साथ नही बांध सकती। उसके बाद बारात बैरंग वापस लौट गई।
इसी से मिलती जुलती घटना 9 जून को बिहार में हुई थी जहां ऐन मौके पर एक युवती ने शादी करने से इनकार कर सबको चौंका दिया। वह शराबी युवक से विवाह नहीं करना चाहती थी। हसनबाजार थाना क्षेत्र के कातर गांव निवासी रिंकू ने शादी से इसलिए इनकार कर दिया, क्योंकि भावी दूल्हा शराबी था। उसके इस फैसले में घर की अन्य महिलाओं ने भी उसका साथ दिया। इसके चलते बारात को लौटना पड़ा।
भोजपुर जिला के गड़हनी थाना क्षेत्र के रतनाढ़ गांव निवासी चंदन की शादी रिंकू से होनी थी। रविवार शाम बारात गाजे-बाजे के साथ दुल्हन के दरवाजे पहुंची। शुरुआती रस्म-रिवाज पूरे विधि विधान से हुए, लेकिन सिंदूर दान के वक्त भावी दूल्हे को लड़खड़ता देख युवती पीछे हट गई। युवती के कानों तक उड़ते-उड़ते यह बात पहुंची कि होने वाला पति शराबी है। इस पर उसने शादी करने से इनकार कर दिया। उसे बहुत मनाया गया, लेकिन वह नहीं मानी, जिसके बाद बारात को लौटना पड़ा।