डॉलर की बजाय थमाई रद्दी,लगाया 1 लाख का चुना भजनपुरा इलाके में डॉलर के नाम पर ठगी का मामला सामने आया है। यहां एक व्यक्ति को डॉलर की बजाय रद्दी थमाकर आरोपी उससे एक लाख रुपये रफूचक्कर हो गए।
पुलिस ने पीड़ित रजत वासवानी की शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। रजत परिवार के साथ ब्लॉक-90, मालवीय नगर में रहते हैं।
कुछ दिनों पहले रजत कालका जी मंदिर में पूजा करने के लिए गए थे। वहां उन्हें दो युवक मिले, उन्होंने 20 डालर रजत को दिखाकर पूछा कि यह कितने के होंगे। रजत ने बताया कि यह 500-700 रुपये का होगा। युवकों ने कहा कि उनके पास इस तरह के 1800-1900 डॉलर पड़े हैं। वह इसे सस्ते में दे देगा। उन्होंने रजत को डॉलर देने के लिए पांचवा पुश्ता, उस्मानपुर पर बुलाया।
उन्होंने बैग खोलकर डॉलर की गड्डी दिखाई और चार लाख रुपये की मांग की। रजत ने इन्कार किया तो आरोपी एक लाख रुपये में देने के लिए तैयार हो गए। रजत ने यमुना विहार स्थित एक बैंक से एक लाख रुपये निकालकर उन्हें दे दिए। इसके बाद आरोपी युवक वहां से फरार हो गए। रजत ने बैग खोलकर देखा तो उसमें रद्दी पड़ी थी।रजत ने घटना की सूचना तुरंत पुलिस को दी। पुलिस ने उनके बयान पर मामला दर्ज कर लिया और इसकी जांच कर रही हैं।