दिल्ली
राजधानी में एक लूटेरी गर्लफ्रेंड की दिलचस्प कहानी सामने आई है। तुगलक रोड स्थित फाइव स्टार होटल के रूम से एक युवक अपनी कथित गर्लफ्रेंड के साथ रात सोया और जब सुबह उठा तो गर्लफ्रेंड उसकी 40 लाख की घड़ी और एक लाख कैश लेकर गायब थी। युवक ने उसे कई बार कॉल करके बात करने की कोशिश की लेकिन गर्लफ्रेंड ने फोन बंद कर दिया जिसके बाद थक हार के युवक ने पुलिस को शिकायत की। पुलिस ने चोरी का केस दर्ज कर लिया है।
पुलिस सूत्रों का कहना है कि मामले में पेंच है। युवक जिसे अपनी गर्लफ्रेंड बता रहा है, उसका पता-ठिकाना और उसके बारे में ज्यादा कुछ नहीं जानता। उसने बस युवती का नाम और मोबाइल नंबर बताया है। कल अगर युवती ने युवक पर कोई आरोप लगाया तो उसकी जांच भी हो सकती है।
एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि युवक विकासपुरी में रहता है। दुबई से कारोबार करता है। कुछ दिन पहले तुगलक रोड स्थित होटल क्लेरिजस में ठहरा था। उसका कहना है कि रात गर्लफ्रेंड के साथ खाना खाकर लगभग 12 बजे बेड पर चला गया। सुबह 9 बजे आंख खुली तो गर्लफ्रेंड गायब थी। उसके पास से एक लाख रुपये और विदेशी बेशकीमती घड़ी गायब थी। उसने बहुत देर तक गर्लफ्रेंड को फोन मिलाया, लेकिन कॉल रिसीव नहीं हुई, फिर फोन स्विच ऑफ हो गया।