सपा में गृहयुद्ध: धर्मेंद्र यादव से जान का खतरा बताने वाले विधायक आबिद रजा पार्टी से निलंबित

0
फाइल फोटो

लखनऊ: अवैध खनन और गोकशी के मुद्दे पर सपा प्रमुख मुलायम सिंह यादव के भतीजे व सांसद धर्मेन्द्र यादव के खिलाफ मोर्चा खोलने वाले सपा विधायक आबिद रजा को आज(रविवार) पार्टी तथा विधानसभा मण्डल दल से तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया। सपा के प्रदेश प्रवक्ता राजेन्द्र चौधरी ने बताया कि पार्टी के प्रान्तीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने सपा की बदायूं जिला इकाई के प्रस्ताव पर विचार करते हुए बदायूं से विधायक आबिद रजा को पार्टी तथा विधानसभा मण्डल दल से निलंबित कर दिया है।

क्या है मामला?
दरअसल, उत्तर प्रदेश के बदायूं में सपा विधायक और राज्यमंत्री का दर्जा प्राप्त आबिद रजा और उनकी पत्नी फातिमा ने बिना नाम लिए पार्टी प्रमुख मुलायम सिंह यादव के भतीजे और बदायूं से सांसद धर्मेंद्र यादव पर गंभीर आरोप लगाए हैं। आबिद रजा और उनकी पत्नी फातिमा ने कहा कि सपा सांसद धर्मेंद्र यादव से उनकी जान को खतरा है। उन्होंने कहा कि धर्मेंद्र यादव के आदमी उनके घर के आसपास रेकी कर रहे हैं। हालांकि उन्होंने किसी नेता का नाम नहीं लिया, मगर परोक्ष रूप से धर्मेंद्र यादव पर ही निशाना साधा, जिसके बाद पार्टी ने उन्हें बाहर का रास्ता दिखा दिया।

इसे भी पढ़िए :  अवैध कब्जे व बेईमानी नहीं रुकी तो छोड़ दूंगा मंत्री पद: शिवपाल

गोहत्या का लगाया आरोप
सपा विधायक आबिद रजा ने पार्टी के एक बड़े नेता पर गोहत्या और अवैध खनन में शामिल होने का आरोप लगाया। आबिद रजा ने साफ तौर पर इस नेता का नाम तो नहीं लिया, मगर ये जरूर कहा कि ये बड़ा सफेदपोश नेता है। माना जा रहा है कि रजा का इशारा धर्मेंद्र यादव की तरफ ही है। धर्मेंद्र यादव बदायूं से सांसद हैं। रजा ने कहा कि ये नेता उनकी हत्या भी करा सकता है। उन्होंने कहा कि गाय, गंगा और सड़क का कटना नहीं रुका तो दर्जा मंत्री पद से जुम्मेरात को इस्तीफा दे दूंगा। रजा ने कहा कि वे इस नेता का नाम विधानसभा में ही बताएंगे। इससे पहले सैफई में शिवपाल यादव ने भी माना कि पार्टी के कई लोग दो नंबर के धंधे में लगे हुए हैं।

इसे भी पढ़िए :  वीडियो: महिला के साथ आपत्तिजनक हालत में पकड़ा गया इमाम, SP को दी धमकी

सपा कार्यकर्ताओं ने किया विरोध
सपा के अल्पसंख्यक प्रकोष्ठ और मुलायम सिंह यूथ ब्रिगेड के कार्यकर्ताओं ने आबिद रजा के पुतले फूंककर शनिवार को उनके खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने विधायक आबिद रजा पर कई गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि वह कमीशन के खेल में जुटे हैं, इसलिए पार्टी के बड़े नेता के खिलाफ बयानबाजी कर रहे हैं। विरोध प्रदर्शन के बीच आबिद ने कहा है कि एक बड़े नेता के इशारे पर उनके पुतले फूंके जा रहे हैं। यदि उनके पास पुतले के लिए लकड़ी कम हो तो मैं देने को तैयार हूं। आबिद ने आरोप लगाया कि कि यह साजिश भाजपा को लाभ पहुंचाने की है। मैं अपने कदम पीछे नहीं खींचूंगा।

इसे भी पढ़िए :  दर-दर भटकने को मजबूर रेप पीड़िता CM योगी से मांग रही इंसाफ, वीडियो में सुनिए दर्दनाक दास्तां