इकतरफा प्यार में पागल सनकी आशिकों की अगर बात की जाए, तो NCR के इस सनकी आशिक का जिक्र जरूर आएगा। इस सिरफिरे आशिक ने पहले प्यार का इजहार किया और फिर महिला के मना करने पर उसने उसके पेट में कई बार चाकू से वार कर दिए। महिला के शोर मचाने पर लोग कमरे की ओर दौड़े तो आरोपी ने खुद पर वार करते हुए आग लगा ली। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है। मामला एकतरफा प्यार का है। महिला की शिकायत पर आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज किया जा रहा है।
आरोपी अशोक की उम्र 35बताई जा रही है, जो गाजियाबाद के पास सलारपुर में पीड़ित महिला के पड़ोस में रहता है। वह मूलरूप से बिहार मधुबनी का रहने वाला है। बुधवार सुबह महिला का पति नौकरी पर गया था। महिला घर में अकेली थी। मौका पाकर अशोक महिला के घर में घुस गया। उसने उससे प्यार का इजहार किया। पीड़िता के मना करने पर अशोक ने मारपीट शुरू कर दी।
अशोक पहले भी उससे कई बार प्यार का इजहार कर चुका था, लेकिन हर बार उसे न सुनने को मिली। बुधवार को भी की वह अपनी हरकत से बाज नहीं आया। महिला के मना करने पर उसने उसके पेट व हाथ पर चाकू से कई वार किए। इसके बाद खुद को भी चाकू से मारकर आग लगा ली। आग से उसका करीब 60 फीसदी शरीर जल चुका है।
शोर की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए। उन्होंने महिला व अशोक दोनों को यर्थाथ अस्पताल में भर्ती कराया। वहां से अशोक को जिला अस्पताल फिर दिल्ली रेफर कर दिया गया। फिलहाल अशोक की हालत गंभीर बनी हुई है।