सुखबीर बादल बोले, हम ड्रग्स पकड़ते हैं, इसलिए हमें बदनाम किया जाता है

0
सुखबीर बादल

शिरोमणि अकाली दल के अध्यक्ष और पंजाब के उपमुख्यमंत्री सुखबीर सिंह बादल को पूरा भरोसा है कि राज्य में इस बार भी उनकी ही सरकार बनेगी। आजतक के विशेष कार्यक्रम एजेंडा आजतक में ‘सत्ता मिलेगी दोबारा’ सेशन में हिस्सा लेते हुए सुखबीर सिंह ने पंजाब की राजनीति में दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल की एंट्री और आम आदमी पार्टी की भूमिका पर कहा, ‘केजरीवाल को दिल्ली के लोग जानते नहीं थे, अब जानने लगे हैं। पंजाब के लोग काफी दिल्ली में रहते हैं। केजरीवाल जो कहते हैं, उसके उलट करते हैं। उनकी परफॉर्मेंस के बारे में सभी को पता है। उनकी लोकप्रियता काफी गिर गई है। उनके बारे में पंजाब में जिक्र भी कम हो रहा है।’

ओपिनियन पोल या सर्वे में अकाली दल की लोकप्रियता का ग्राफ काफी नीचे है, इस सवाल पर उन्होंने कहा, ‘पिछले बार भी ऐसा ही कहा जा रहा था। ओपिनियन पोल फर्जी होते हैं। जो हमने काम किए हैं, उसका कोई मुकाबला नहीं है।’ अपनी सरकार की उपलब्ध‍ियां गिनाते हुए सुखबीर ने कहा, ‘पंजाब में हमारी सरकार के कार्यकाल में दो अंतरराष्ट्रीय और पांच घरेलू एयरपोर्ट बने। राज्य में तमाम सरकारी दफ्तर ऑनलाइन हो गए हैं।’

इसे भी पढ़िए :  पंजाब की ये 17 साल की लड़की,  दे रही जातिवाद को चुनौती  

पंजाब में सत्ता विरोधी लहर के सवाल पर डिप्टी सीएम ने कहा, ‘पहले लोग परफॉर्मेंस को नहीं देखते थे, अब परफॉर्मेंस को देखते हैं। आप मध्य प्रदेश का उदाहरण ले सकते हैं। वहां तीसरी बार बीजेपी की सरकार बनी है।’

आगामी चुनाव में किस पार्टी को कितनी सीटें मिलेंगी, इस सवाल पर सुखबीर सिंह ने कहा कि आज जो हालात हैं उनमें पंजाब में आम आदमी पार्टी को 8 या 9 सीटें मिलेंगी। साल भर पहले हालात कुछ और थे। पंजाबी लोगों का स्वभाव ऐसा होता है कि वो नई चीज अपना लेते हैं, लेकिन पसंद नहीं आने पर इसे फेंक भी देते हैं।

इसे भी पढ़िए :  'नोटबंदी की भारी गलती' के लिए पीएम मोदी देश से माफी मांगे: केजरीवाल

विपक्ष की ओर से बादल परिवार की अमीरी पर सवाल उठाए जाने पर कहा कि मेरा होटल बिजनेस हरियाणा में हैं। हमारे परिवार का ट्रांसपोर्ट बिजनेस साल 1947 का है। कैप्टन अमरिंदर सिंह की सरकार में हमारे परिवार की सारी स्क्रूटनी की लेकिन कुछ नहीं मिला। बच्चों के कपड़े तक गिनवा लिए।

अमरिंदर के साथ पर्दे के पीछे की ‘सेटिंग’ पर सुखबीर ने कहा कि हमारी जान जा सकती है, हम कांग्रेस के साथ नहीं मिल सकते। हम सियासत छोड़ देंगे, कांग्रेस के साथ नहीं मिलेंगे। अमरिंदर से दोस्ती के सवाल पर कांग्रेस के साथ हमारे राजनीतिक मतभेद गहरे हैं। आमने-सामने आ जाने पर हैलो हाय करना अलग बात है।

इसे भी पढ़िए :  केजरीवाल के जनता दरबार में कपिल मिश्रा को 'नो एंट्री', सीएम के घर के बाहर हंगामा

पंजाब में नशाखोरी के आरोप पर सुखबीर सिंह बादल ने कहा, राहुल गांधी को पर्ची पर लिखकर जो दे दिया जाता है, वो बोल देते हैं। उन्होंने एक बार बोल दिया कि पंजाब में 70 फीसदी युवा नशे के शिकार हैं। बीएसएफ की निगरानी इतनी तगड़ी नहीं है कि ड्रग्स की तस्करी को पूरी तरह रोक सके। हम ड्रग्स पकड़ते हैं, इसलिए हमें बदनाम किया जाता है। हमने पुलिस और सेना भर्ती के दौरान उम्मीदवारों के ड्रग्स टेस्ट लिए। एक फीसदी उम्मीदवार ही ड्रग्स टेस्ट में फेल हुए। मीडिया ने पंजाबी समुदाय को बदनाम किया कि हम ड्रग्स एडिक्ट होते हैं। पंजाब चुनाव में सबसे बड़ा मुद्दा ड्रग्स का है, इस सवाल पर सुखबीर ने कहा कि ड्रग्स की प्रॉब्लम पूरी दुनिया में है।