समाजवादी पार्टी के सीनियर नेता शिवपाल यादव ने नई पार्टी बनाने का ऐलान कर दिया। शुक्रवार (5 मई) को एएनआई से बात करते हुए शिवपाल ने बताया कि वह ‘समाजवादी सेक्यूलर मोर्चा’ नाम की पार्टी बनाएंगे। शिवपाल ने यह भी कहा कि मुलायम सिंह यादव उनकी पार्टी के मुखिया होंगे। शिवपाल यादव ने कहा कि नेताजी को उनका सम्मान वापस दिलाने और समाजवादियों को एक साथ लाने के लिए इस मोर्चे का जल्द ही ऐलान होगा।
गौरतलब है कि चुनाव से पहले यादव परिवार और पार्टी के शीर्ष नेतृत्व में मची कलह खुलकर सामने आ गई थी। पूरी पार्टी अखिलेश और शिवपाल खेमे में बंट गई। मुलायम सिंह यादव अपने भाई शिवपाल यादव के साथ खड़े हुए नजर आए और उन्होंने अखिलेश यादव और रामगोपाल यादव को पार्टी से बाहर कर दिया था। जिसके बाद रामगोपाल यादव ने पार्टी का राष्ट्रीय अधिवेशन बुलाया, जिसमें अखिलेश यादव को पार्टी का राष्ट्रीय अध्यक्ष चुन लिया गया। यह लड़ाई चुनाव आयोग की चौखट पर पहुंची। चुनाव आयोग ने भी पार्टी और चुनाव चिन्ह को लेकर अखिलेश यादव के पक्ष में फैसला दिया था।
उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में सपा और कांग्रेस ने गठबंधन करके चुनाव लड़ा था। दोनों को कुल 54 सीट मिलीं। वहीं भारतीय जनता पार्टी ने अकेले 312 सीटों पर जीत दर्ज की थी।