पंजाब के डिप्टी सीएम सुखबीर बादल के काफिले पर पथराव किया गया है। जिसमें दर्जनभर लोगों को चोटें आईं हैं। इनमें से 4 लोगों को फाजिल्का के सरकारी अस्पताल में भर्ती करवाया गया है, जबकि बाकी निजी अस्पतालों में हैं। पथराव उस समय किया गया जब वे फाजिल्का जिले के जलालाबाद में रैली को संबोधित कर लौट रहे थे। इसमें पुलिस की गाडि़यों को काफी नुकसान पहुंचा है।
पुलिस ने बताया कि सुखबीर बादल सुरक्षित हैं और उनके वाहन को भी नुकसान नहीं हुआ है। पंजाब के डिप्टी सीएम को जेड प्लस सुरक्षा मिली हुई है। पुलिस ने अज्ञात युवकों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। वहीं आप सांसद भगवंत मान पर पथराव के लिए लोगों को उकसाने का आरोप है। मान का एक वीडियो सामने आया है जिसमें वे लोगों को पत्थर फेंकने की बात कह रहे हैं। हालांकिे मान और आप दोनों ने इस बात से इनकार किया है।
फाजिल्का के एसएसपी केतन बलिराम पाटिल ने बताया, जैसे ही डिप्टी सीएम को काफिला रवाना हुआ 15-20 लोगों के एक दल ने पत्थर फेंकने शुरू कर दिए। एसपी की गाड़ी को नुकसान पहुंचा है। मामला दर्ज कर लिया है।
गांव के सरपंच जसवंत सिंह ने आरोप लगाया कि पथराव करने वाले आप के समर्थक थे। उन्होंने बताया, भगवंत मान ने कहा था कि अकालियों को गांव में घुसने नहीं देना है। गौरतलब है कि भगवंत मान सुखबीर बादल के सामने खड़े हुए हैं।