दिल्ली
बिहार में आज बिजली गिरने से चार महिलाओं की मौत हो गई, जबकि उत्तर प्रदेश सहित देश के उत्तरी हिस्सों में लगातार बारिश से प्रमुख नदियां उफान पर हैं।
नेपाल के जल संग्रहण क्षेत्र में भारी बारिश के चलते आई बाढ़ से बिहार के 10 जिलों में 17 लाख से अधिक लोगों का जीवन प्रभावित हुआ है और अभी तक 22 लोगों की जानें जा चुकी हैं।
एक पुलिस अधिकारी ने कहा कि पूर्वी चंपारण जिले में बिजली गिरने से चार महिलाओं की मौत हो गई, जबकि दो अन्य झुलस गए।
नयी दिल्ली में सुबह 8:30 बजे से शाम 5:30 बजे के बीच 14.1 मिमी बारिश दर्ज की गई। दिल्ली में अधिकतम तापमान 33.5 डिग्री सेल्सियस, जबकि न्यूनतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो इस साल के इस समय के लिए सामान्य से नीचे है।
हालांकि राष्ट्रीय राजधानी में उमस बढ़ गई और दिनभर रिमझिम बारिश होने से कई इलाकों में जलभराव हो गया जिससे शहर में विभिन्न चौराहों व व्यस्त सड़कों पर यातायात जाम हो गया।
उत्तर प्रदेश में, दक्षिण-पश्चिम मानसून सक्रिय बना हुआ है और इस राज्य के कई हिस्सों में बारिश हुई जिससे गंगा सहित प्रमुख नदियां खतरे के निशान से उपर बह रही हैं। मौसम विभाग ने कल राज्य के कई स्थानों में गरज के साथ छींटे पड़ने का अनुमान जताया है।