अरुणाचल प्रदेश में सेना ने भालुकपोंग के पास एक भूस्खलन स्थल से सोमवार को 70 महिलाओं और 50 बच्चों के साथ कुल 200 लोगों को बचा लिया। रक्षा मंत्रालय के प्रवक्ता लेफ्टिनेंट कर्नल सुनील न्यूटन ने यहां कहा कि बोमडिला के अतिरिक्त उपायुक्त के मौखिक अनुरोध पर बचाव अभियान चलाया गया, क्योंकि दो भूस्खलन स्थलों पर रविवार रात आठ बजे से 200 लोग और कोई 70 वाहन फंसे पड़े थे।
उन्होंने कहा, “उस इलाके में मौजूद सेना की टुकड़ी के कमांडर चिकित्सा अधिकारी और दो जेसीओ तथा 20 अन्य कर्मियों के साथ भूस्खलन स्थल के लिए रवाना हुए, और वहां उन्होंने घाटी व नदी की तलहटी के रास्ते भूस्खलन के चारों और एक रास्ता तैयार किया, और इस तरह सोमवार सुबह 11 बजे फंसे नागरिकों को वहां से निकाला जा सका।” उन्होंने कहा कि लोगों को वहां से सुरक्षित तरीके से निकाल लिया गया।
Arunachal Pradesh: Army rescued 200 civilians, including 50 children, who were stranded due to massive landslides in West Kameng district. pic.twitter.com/cneB5VEvGl
— ANI (@ANI_news) 19 June 2017
न्यूटन ने बताया कि बचाए गए सभी लोगों को आवश्यक दवाइयां और भोजन दिए गए। उन्होंने कहा कि सीमा सड़क संगठन (बीआरओ) के कर्मी भूस्खलन को साफ करने की कोशिश में जुटे हुए हैं। भूस्खलन की जगह भालुकपोंग से सेसा की ओर सात किलोमीटर दूर स्थित है।