समाजवादी पार्टी में सियासी घमासान जारी है। वहीं सुलह की कोशिशें भी तेज हो गई है। समाजवादी पार्टी के शीर्ष परिवार में चल रही कलह के बीच सुलह का रास्ता निकालने का प्रयास आज भी जारी है। मुख्यमंत्री अखिलेश यादव पार्टी का राष्ट्रीय अध्यक्ष पद छोड़ने को तैयार नहीं है, वहीं पार्टी के अन्य दिग्गज किसी भी कीमत पर अब रार को समाप्त करने में जुट गए हैं। सुलह की कोशिशों के बीज आजम खान और माता प्रसाद पांडे भी मुलायम सिंह के आवास पर पहुंचे।
समाजवादी पार्टी में पिता-पुत्र में सुलह की कोशिशें जारी हैं। आज भी पार्टी के मुखिया मुलायम सिंह यादव के आवास पर नेताओं का जमावड़ा लगा हुआ है। मुख्यमंत्री अखिलेश यादव भी अपने सरकारी आवास पर पार्टी के नेताओं के साथ बैठक कर रहे हैं। पूर्व कैबिनेट मंत्री शिवपाल सिंह यादव शुक्रवार को मुखिया मुलायम सिंह यादव के आवास पर आधा दर्जन बार गए, वहीं आज भी दस बजे वार्ता करने के लिए वह पार्टी के मुखिया के आवास पर जमे हैं। उनके साथ कार में पूर्व मंत्री अंबिका चौधरी, नारद यादव व ओम प्रकाश सिंह भी मुलायम सिंह यादव के आवास पर पहुंचे।