नई दिल्ली। बिहार की राजधानी पटना स्थित दानापुर थाने के गोलापर मुहल्ले में बुधवार(17 अगस्त) की शाम बेखौफ अपराधियों ने भाजपा नेता अशोक जायसवाल (55 वर्ष) की गोली मार कर हत्या कर दी। अपराधियों ने उनके घर के सामने ही उन्हें गोली मार दी। घायल अशोक को गंभीर हालत में सगुना मोड स्थित एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया़। अशोक वर्ष 2010 में दानापुर से निर्दलीय प्रत्याशी के तौर पर विधानसभा का चुनाव लड़ चुके हैं। इस घटना की वजह साफ नहीं हो सकी है, लेकिन घटना के पीछे बेटे का प्रेम प्रसंग भी बताया जा रहा है। मामले में पुलिस ने अशोक जयसवाल के बेटे की प्रेमिका और उसके घरवालों को गिरफ्तार कर लिया है।
घटना के बाद एसएसपी मनु महाराज ने कहा कि हत्यारों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम गठित कर छापेमारी की जा रही है। जल्द ही हत्यारों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। इस घटना के बाद गोलापर मुहल्ले में तनाव व्याप्त हो गया है़ घटना की सूचना मिलने के बाद गोलापर को पुलिस छावनी में तब्दील कर दिया। पिछले कुछ महीनों में भाजपा नेता की हत्या की ये दूसरी घटना है। इससे पहले फरवरी में बिहार भाजपा के उपाध्यक्ष विश्वेश्वर ओझा को बिहार स्थिर आरा में गोली मार दी गई थी।
इस घटना पर केंद्रीय ग्रामीण विकास राज्यमंत्री रामकृपाल यादव ने कहा कि नीतीश सरकार में अपराधियों का मनोबल बढ़ गया है़। उन्होंने कहा कि सरेआम अपराधियों ने भाजपा नेता अशोक जायसवाल को घर के सामने गोलियों से छलनी कर दिया गया़। उन्होंने कहा कि पुलिस घटनास्थल पर सूचना मिलने के काफी देर बाद पहुंची। उन्होंने भाजपा नेता अशोक के हत्यारों की अविलंब गिरफ्तारी की मांग की है़। यादव ने कहा कि राज्य में अपराधियों खुलेआम घटनाओं को अंजाम दे रहे हैं, लेकिन पुलिस कार्रवाई करने के बजाय चुप्पी साधे हुए हैं।