नई दिल्ली। आम आदमी पार्टी के एक और विधायक कानूनी शिकंजे में फंसते नजर आ रहे हैं। ताजा मामला दक्षिण पूर्वी दिल्ली के देवली इलाके का है। देवली के विधायक प्रकाश झारवाल पर एक महिला ने बदसलूकी व छेड़खानी का आरोप लगाया है। महिला की शिकायत पर ग्रेटर कैलाश थाने की पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है।
महिला का आरोप है कि जब वह पानी मांगने ग्रेटर कैलाश स्थित दिल्ली जल बोर्ड के दफ्तर में गई तो वहां पर विधायक के साथियों ने उनसे बुरा बर्ताव करते हुए जान से मारने की धमकी दी, इतना ही नहीं विधायक प्रकाश झारवाल ने भी उनके साथ दुर्व्यवहार किया।
मामला बीते 2 जून का बताया जा रहा है। पुलिस ने जांच कर विधायक के खिलाफ 6 जुलाई को आई पी सी की धारा 354, 506 व 509 के तहत मामला दर्ज कर तफ्तीश शुरू कर दी है।
हालांकि ‘आप’ विधायक प्रकाश झारवाल ने सारे आरोपों को बेबुनियाद बताया है। झारवाल का कहना है कि, महिला राजनीतिक पार्टी की प्रदेश सचिव हैं और बीजेपी से जुड़ी हुई है। उन्होंने कहा कि ये हर पार्टी की टेक्टिक होती है कि किसी महिला को हथियार बनाकर किसी पर भी आरोप लगा दिए जाएं।
वहीं महिला के समर्थन में अब साऊथ दिल्ली के बीजेपी सांसद रमेश विधूड़ी भी आ गए हैं। विधूड़ी ने आम आदमी पार्टी को महिलाओं के साथ दुर्व्यवहार करने वाली पार्टी करार दिया है। सासंद का आरोप है कि आप के विधायक जनता के साथ हमेशा गलत व्यवहार करते हैं, जिसके चलते आए दिन ये कानूनी शिकंजे में फंसते जा रहे हैं।