नई दिल्ली। उत्तर प्रदेश के लोक निर्माण व सिंचाई मंत्री शिवपाल सिंह यादव ने पार्टी कार्यकर्ताओं पर काफी सख्त नजर आए। सपाइयों द्वारा जमीनों पर अवैध कब्जा करने की शिकायतों के प्रति उन्होंने कहा कि अगर सपाइयों की ओर से अवैध कब्जा और बेईमानी की हरकतें नहीं रुकीं तो मैं अपने मंत्री पद से इस्तीफा दे दूंगा।
शिवपाल ने रविवार(14 अगस्त) को दु:खी स्वर में कहा कि जब हम लोगों की बात का असर ही नहीं होता। अब कोई बात सुनने वाला ही नहीं तो मंत्री पद पर बने रहने से फायदा ही क्या। उन्होंने कहा कि सपा सरकार बेईमानी और उत्पीड़न के खिलाफ ही बनी है, इसीलिए हम सबको समाज की सेवा करनी है।
मंत्री ने कहा कि थाना और तहसील समाज की सेवा करने के लिए होते हैं, हमारे कहने के बाद भी अधिकारी नहीं सुन रहे हैं। वे सुन नहीं रहे और सपा के ही लोग अवैध कब्जा व बेईमानी करने से बाज नहीं आ रहे तो हमारे मंत्री रहने से क्या फायदा।
उन्होंने खेद के साथ कहा कि सपा मुखिया मुलायम सिंह यादव ने जिस पार्टी की मजबूती के लिए कड़ी मेहनत कर उसे सफलता दिलाई हो, उसे ही कुछ लोगों ने कमजोर करने का काम किया है।
उन्होंने कहा कि किसी की जमीन पर अवैध कब्जा हो तो नेताजी मुलायम सिंह यादव और मुझे डाक द्वारा सूचित करें। तहसील दिवस पर मैं स्वयं यहां बैठकर जनता को न्याय दिलाने का कार्य करूंगा। उन्होंने आगे राज्य सरकार की उपलब्धियों का जिक्र भी किया।