बीते रात राजधानी दिल्ली का पॉश इलाका हौजखास उस वक्त दहल उठा जब यहां तीन राउंड गोलियां चलीं। दिल्ली के सीरी फोर्ट आॉडिटोरियम के पास एनसीयूआई कैंपस में देर रात तीन गोलियां चलीं। हर गोली ने एक-एक शख्स को निशाना बनाया। इस वारदात में दो लड़के और एक लड़की को गोली लगी है। उन्हें गंभीर हालत में एम्स के ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया है। पुलिस पूरे मामले की छानबीन में जुट गई है।
तकरीबन 9.45 मिनट पर दिल्ली पुलिस को सूचना मिली कि सिरीफोर्ट ऑडिटोरियम के सामने NCUI होस्टल में गोली चली है। इसी सूचना के आधार पर दिल्ली पुलिस मौका-ए-वारदात पर पहुंची और तीनों को एम्स ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया।
दक्षिण दिल्ली में सिरीफोर्ट ऑडिटोरियम के पास एक महिला और उसके दोस्त को एक व्यक्ति ने कथित रूप से गोली मार दी जो कथित रूप से महिला का पीछा कर रहा था। पुलिस ने बताया कि महिला और उसके दोस्त को घायल करने के बाद आरोपी ने खुद को भी गोली मार ली।
पुलिस के अनुसार नोएडा के एक कॉलसेंटर में काम करने वाले काजल और जतिन सरकार एक पार्क के बाहर बतिया रहे थे, तभी आरोपी उनके पास पहुंचा और वह उनसे बहस करने लगा। बाद में उसने दोनों पर गोली चला दी।
आरोपी सीआईएसएफ कांस्टेबल का बेटा है और उसने अपने पिता के पिस्तौल से दोनों पर गोलियां चलायीं। पुलिस के अनुसार जतिन अपने दोस्त आलोक को लेकर महिला से मिलने गया था। आलोक घटनास्थल से भाग गया और उसने पुलिस को इसकी सूचना दी।
फिलहाल मामला दर्ज कर लिया गया है और घटना की जांच चल रही है। जतिन और काजल को क्रमश: पेट और छाती में गोलियां लगी है जबकि आरोपी ने खुद को सिर में गोली मारी। आरोपी पिछले कुछ समय से महिला का पीछा कर रहा था और उसे महिला पर जतिन से संबंध का संदेह था।
कुल मिलाकर अभी ये साफ नहीं है कि गोली किसने चलाई और क्यों चलाई लेकिन पुलिस के मुताबिक जिसने भी गोली चलाई उसने बाकी दोनों पर फायरिंग के बाद खुद को भी गोली मारी। पुलिस अब इन तीनों के होश में आने का इंतजार कर रही है। ताकि इनके बयानों की बिनाह पर इस केस से पर्दा उठ सके।