नई दिल्ली। पंजाब के नाभा जेल हमले और एक आतंकवादी सहित छह कैदियों के भागने की खबर पर राज्य सरकार को आडे हाथों लेते हुए पंजाब में सहयोगी पार्टी भाजपा ने उपमुख्यमंत्री और गृहमंत्री सुखबीर बादल से इस्तीफे की मांग करते हुए कहा है कि उन्हें यह बताना चाहिए कि राज्य में सुरक्षा के लिए क्या क्या प्रबंध किये गए हैं।
भाजपा के पूर्व राष्ट्रीय उपाध्यक्ष लक्ष्मीकांता चावला ने रविवार(27 नवंबर) को कहा कि नाभा जेल में हुए हमले और कुख्यात आंतकवादी सहित अन्य कैदियों के भागने से राज्य सरकार की नाकामी तथा गृह मंत्रालय की विफलता साबित हो गई है, इसलिए नैतिकता के आधार पर गृहमंत्री सुखबीर बादल को अपने पद से त्यागपत्र दे देना चाहिए।
भाजपा सुखबीर को यह भी बताना चाहिए कि उन्होंने गृह मंत्रालय में होते हुए सुरक्षा के क्या प्रबंध किए थे। अगर सुरक्षा थी तो यह घटना कैसे हुई। प्रदेश में अगर कोई आतंकवादी घटना होती है तो इसके लिए सीधे तौर पर वही जिम्मेदार होंगे। इसलिए उन्हें तत्काल अपने पद से इस्तीफा दे देना चाहिए।
इस घटना पर कांग्रेस ने भी कहा है कि राज्य में कानून व्यवस्था नाम की कोई चीज नहीं है और इसकी नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए प्रदेश के गृहमंत्री सुखबीर बादल को त्यागपत्र दे देना चाहिए।